घरौनियों पर बैंकों से लोन ले सकते हैं ग्रामीण
धामपुर। स्वामित्व योजना के तहत बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग की ओर से ग्रामीणों को घरौनियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत विधायक अशोक राणा ने क्षेत्र के दस गांवों के ग्रामीणों को घरौनी बांट कर की।
इस मौके पर विधायक ने इस योजना को प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि अब लोगों के पास खेत की खतौनियों की तरह से आबादी की घरौनियां भी होंगी। ग्रामीण इन घरौनियों को बैंकों में जमा कर लोन लेकर अपना विकास भी कर सकते हैं।
तहसील के सभाकक्ष में हुए कार्यक्रम में विधायक ने स्वामित्व योजना की महत्ता के बारे में बताया। एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने कहा कि घरौनियों का वितरण शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को विधायक की ओर से दस गांवों मिलक जहांगीराबाद, जमालपुर आलम, मिट्ठैपुर, ढक्काकर्मचंद, इब्राहिमपुर लाल, मकनपुर, शाहपुर हर्रा, मानपुर रज्जा, मोहम्मदपुर सादा, अलीपुर भिक्कन के ग्रामीणों को वितरण कर शुरूआत कर दी है। क्षेत्र के 330 गांवों के लोगों को और बांटी जानी है। घरौनियों को बांटने का काम क्षेत्र के लेखपालों को सौंप दिया गया है। इस मौके पर तहसीलदार आरसी चौहान, अपर तहसीलदार कमलेश कुमार, नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव, आरके सुनील कुमार आदि रहे।