गंगा किनारे बसे ग्रामीणों को गांव में ही मिलेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
बिजनौर। गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को उनके घरों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए शासन अलर्ट हो गया है। शासन ने जिले के स्वास्थ्य विभाग को जिले में गंगा किनारे बसे 21 गांवों में स्वास्थ्य शिविर और मेले आयोजित करने के निर्देश हैं। अफसरों के अनुसार चार से 22 जनवरी तक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सभी तहसीलों के नोडल अधिकारी शिविरों की मानीटरिंग करेंगे, जबकि आयोजन संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को करना है। प्रत्येक शिविर में एक डाक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड ब्वाय शामिल रहेंगे।
हर साल गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को बाढ़ एवं अन्य परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव रहता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। शासन ने गंगा के तट पर बसें ग्रामीणों को उनके गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार मोहम्मदपुर देवमल के 12, हल्दौर के पांच, जलीलपुर के तीन और नजीबाबाद ब्लॉक के एक गांव में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होना है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों का संचालन कराने की जिम्मेदारी संबंधित तहसीलों के नोडल अधिकारियों की होगी। बिजनौर तहसील के नोडल अधिकारी एसके. निगम और चांदपुर तहसील डा. शैलेश जैन तथा नजीबाबाद के नोडल अधिकारी डा. पीआर नायर को शिविरों के आयोजन कराने की व्यवस्था सौंपी गई है। सीएमओ के मुताबिक मोहम्मदपुर देवमल के गांव बादशाहपुर में चार जनवरी को, जहानाबाद में छह को, खेड़की हेमराज में आठ को, मोहिउद्दीनपुर में नौ को, रफीउल्लानगर उर्फ रावली में दस को, सैफीपुर खादर में 13 को, टीप में 14 को, दयालवाला में 16 को, खलीउल्लापुर में 17 को, कुंदनपुर में 18 को, तैयबपुर काजी में 20 को, कुंवर चतर भोजपुर में 22 को, हल्दौर ब्लॉक के गांव जहानाबाद में चार जनवरी को, निजामतपुर में छह को, दारानगर में आठ को, सलेमपुर मथना में नौ को, रसूलपुर पितनका में 14 को, जलीलपुर ब्लॉक के बसंतपुर में चार को, दत्तियाना में छह को, सुजातपुर में आठ को और नजीबाबाद ब्लॉक के तैयबपुर गोरवा में चार जनवरी को स्वास्थ्य शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में सामान्य बीमारियों को कंट्रोल करने की करीब करीब सभी प्रकार की जीवनदायिनी औषधियां आदि सामान मौजूद रहेगा।