बिजनौर के हरेवली में गांव नागरपुर खड़गसेन में ग्रामीणों ने सोमवार को सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। गांव को उजाड़ने का प्रयास करने वालों को उन्होंने न बख्शने की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि क्षेत्र के विधायक ने उन्हें सीएम से मिलवाने के लिए लखनऊ बुलाया है। इसके लिए ग्रामीण लखनऊ कूच कर गए हैं। गौरतलब है कि रविवार को मुरादाबाद के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गांव नागरपुर खड़गसेन में मुनादी कराई थी कि यह गांव विभाग की जमीन पर बसा है।
इसलिए गांव को 15 दिन में खाली करना होगा। ऐसा न हुआ तो मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया जाएगा। विभाग ने हरेवली बाजार में विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे को ध्वस्त करने का भी अल्टीमेटम दिया है।
सोमवार को दिन निकलते ही कई गांवों के लोग नागरपुर खड़गसेन पहुंचे और ग्रामीणों से विभाग की घुड़की में गांव खाली नहीं करने को कहा। ग्रामीणों ने इसके बाद सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर चेतावनी दी कि फिर से गांव में कोई अधिकारी डराने आएगा तो उसे बंधक बनाया जाएगा। ग्रामीणों ने किसी भी हालत में गांव न छोड़ने की बात कही।
प्रदर्शनकारियों में सीमा, छोटी, छोटे, शीशराम, राम सिंह, रामकुमार, बबलू, महेंद्र सिंह, अमरीश कुमार, गोपाल सिंह, संजय कुमार, किरन, कमलेश, सोमवती, बबीता, अमर सिंह, महावीर सिंह, नत्थू सिंह, कृपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह आदि रहे।
इन्होंने बताया कि विधायक सुशांत सिंह लखनऊ में हैं। उन्होंने फोन पर हुई वार्ता में ग्रामीणों को भी लखनऊ बुलाया है, ताकि उन्हें लेकर सीएम से मिल सकें। प्रतिनिधिमंडल रवाना हो गया है।एसडीओ का कहना है कि इस समस्या का निदान केवल शासन के अधीन है। विभाग हर हाल में अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराएगा।