रेहड़। गांव हसनपुर में चारा लेने गए 45 वर्षीय शेर सिंह की नहर में डूबने से मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी बबलू उर्फ वीरेंद्र ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे शेर सिंह रोज की तरह जंगल से चारा लेने गया था। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोपहर बाद शेर सिंह का शव गांव के पास बह रही नहर में पड़ा मिला। उसका सिर पानी में डूबा हुआ था। परिजनों ने उसे बाहर निकालकर घर लाए। बबलू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई की मौत डूबने से हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। परिजनों को किसी पर शक नहीं है।
पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने किसी भी तरह के शक से इन्कार किया है। आगे की जांच जारी है।