ग्राम बनखला में मस्जिद में कुआं होने की सूचना पर मौके पर जांच करती पुलिस संवाद
-शिकायत के बाद गांव में जांच करने पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/कोतवाली देहात। सहारनपुर में मस्जिद के नीचे कुआं मिलने के बाद मामला गरमाया हुआ है। ऐसे में अब बिजनौर के गांव में बनखला में मस्जिद के अंदर कुआं होने की एसपी से शिकायत की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस कुएं की जानकारी जुटाने गांव पहुंची।
रसूलपुर जागन उर्फ लक्खुवाला के वार्ड सदस्य आलोक सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने सोमवार को एसपी केके बिश्नोई से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंचायत के गांव बनखला में पानी पीने के कुएं पर सालों पहले अवैध कब्जा कर मस्जिद का निर्माण कराने की शिकायत की। ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में कहा कि मस्जिद कमेटी ने निर्माण के दौरान कुएं को परिसर के अंदर ले लिया था। कुएं के ऊपर ही नमाज अदा करने वालों के लिए शौचालय व बाथरूम का निर्माण करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शौचालय का मल-मूत्र कुएं में ही जा रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ताओं ने कुएं पर बनाए गए शौचालय और बाथरूम को हटवाने के साथ ही उसे कब्जामुक्त कराने की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच कोतवाली देहात पुलिस को सौंपी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार शाम थानाध्यक्ष सुनील सहरावत, हल्का इंचार्ज परशुराम सिंह ने पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचकर निर्माण की स्थिति की जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष सुनील सहरावत का कहना है कि मस्जिद परिसर की जांच की गई। प्रथम दृष्ट्या मस्जिद परिसर में कोई कुआं नजर नहीं आया। मामले की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपकर राजस्व विभाग से भी जांच कराई जाएगी। उधर, सीओ नगीना राजेश सोलंकी ने बताया कि टीम मौके पर भेजी गई थी। शिकायतकर्ता का नाम सामने नहीं आया है। मौके पर जांच कराई गई है।
ग्राम बनखला में मस्जिद में कुआं होने की सूचना पर मौके पर जांच करती पुलिस संवाद