चुनावी रंजिश में की गई ग्राम प्रधान की हत्या
मंडावली/नजीबाबाद (बिजनौर)। ग्राम प्रधान शिक्षा देवी की विषैला पदार्थ खिलाकर हत्या के मामले में पति की ओर से पांच व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मंडावली पुलिस ने विषैला भोजन जांच के लिए कब्जे में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद ग्राम प्रधान का अंतिम संस्कार नांगल गंगाघाट पर किया गया।
मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हुकूमतपुर केशो उर्फ गांवड़ी की ग्राम प्रधान शिक्षा देवी की विषैला पदार्थ के सेवन से बुधवार को मृत्यु हो गई थी। ग्राम प्रधान के पति रूपराम ने चुनावी रजिंश के चलते महिला को शादी की दावत में अंधेरे का लाभ उठाकर विषैला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पांच लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी गई है। रूपराम की तहरीर पर पुलिस ने जयप्रकाश, चेतराम, मोनू, मिथुन और जयचंद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। हत्यारोपी मोनू की पत्नी रश्मि शिक्षा देवी के मुकाबले चुनाव लड़ी थी।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने घटना स्थल पहुंचकर मृतक ग्राम प्रधान के परिजनों से थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान की उपस्थिति में जानकारी ली। मंडावली पुलिस ने विषैला भोजन जांच के लिए कब्जे में लिया है। इसे प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। उधर, ग्राम प्रधान शिक्षा देवी की मौत से गांव में सन्नाटा है। पोस्टमार्टम के बाद शिक्षा देवी का अंतिम संस्कार नांगल गंगाघाट पर बृहस्पतिवार को किया गया।