पीएम आवास योजना के पात्रों का कराया सत्यापन
झालू। प्रधानमंत्री आवास योजना में मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नौ सदस्य टीम गठित कर 273 लोगों का सत्यापन कराया। जिसके चलते अपात्र लोगों एवं अवैध उगाही करने वालों में हड़कंप मचा गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर मंगलवार एवं बुधवार को कस्बा झालू में लेखपाल राम सिंह के नेतृत्व में नौ सदस्यों की टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना सूची में शामिल पात्र-अपात्रों का सत्यापन किया। जिन लोगों के मकान के जीरो टैग हो गए हैं, उनके घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। जिसके चलते अपात्र लोगों में हड़कंप मचा गया। लेखपाल राम सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सत्यापन किया जा रहा है। जो इस योजना में पात्र पाया जाएगा, उसे ही सूची में शामिल रखा जाएगा। जिन लोगों ने अपने वार्ड से रजिस्ट्रेशन कराया है, और वह दूसरी जगह प्लॉट दिखा रहे हैं, उन्हें सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। नगर के सभी 14 वार्डों में 273 लोगों की सूची सौंपी गई है। जांच टीम में लेखपाल राम सिंह, कौशल कुमार, डिंपल पाल, विनेश कुमार, विनीत कुमार, विवेक कुमार, प्रवीण निहाल, सत्येंद्र पाल, पुनीत सागर आदि मौजूद रहे।