चांदपुर-हस्तिनापुर-मेरठ मार्ग पर गांव नारनौर में गंगा पर बना पुल।
- फोटो : BIJNOR
गंगा पर बने पुल पर शीघ्र दौड़ेंगे वाहन
चांदपुर (बिजनौर)। चांदपुर से गंगा पर बने पुल को जोड़ने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। स्याऊ से जलीलपुर तक सड़क चौड़ीकरण कर निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर है। जबकि जलीलपुर से दत्तियाना तक पहुंचने वाले मार्ग पर भी काम तेजी से चल रहा है। क्षेत्र के लोगों को जल्द ही गंगा पर बने पुल से होकर हस्तिनापुर, मेरठ जाने में बहुत आसानी हो जाएगी।
चांदपुर से मेरठ के लिए क्षेत्र के लोगों को बिजनौर, गजरौला मार्ग से जाना पड़ता है। जो कि समय व आर्थिक रूप से क्षेत्र के लोगों को मंहगा पड़ता है। गांव नारनौर के पास गंगा पर पुल का निर्माण कार्य वर्ष 2008 में शुरू हुआ था। अब करीब 12 साल बाद 2020 में पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पुल को जोड़ने वाली सड़क पर तेजी से काम चल रहा है। पीडब्लूडी जेई जसवीर सिंह, जेई अनिल कुमार ने बताया कि जलीलपुर से चांदपुर स्याऊ तक का करीब 12 करोड़ की लागत से बनने वाले नौ किलोमीटर लंबा मार्ग एक-दो दिन में पूरा हो जाएगा। जबकि जलीलपुर से दत्तियाना तक का करीब 11 करोड़ की लागत से बनने वाला करीब सवा सात किलोमीटर रास्ते पर निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। वह भी शीघ्र पूरा हो जाएगा। जेई ने बताया कि पुल के दूसरी ओर हस्तिनापुर में भी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। गंगा पर बने पुल पर आवागमन शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों को मेरठ, हस्तिनापुर आदि जाने का रास्ता बहुत छोटा हो जाएगा। इससे लोगों को समय व आर्थिक रूप से लाभ होगा।
पुल शुरू होने से कम हो जाएगी 50 किलोमीटर दूरी
चांदपुर। वर्तमान में चांदपुर क्षेत्रवासियों को मेरठ जाने के लिए वाया बिजनौर करीब 115 किलोमीटर तथा वाया गजरौला-गढ़मुक्तेश्वर मेरठ जाने के लिए करीब 105 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे लोगों को समय व आर्थिक हानि के साथ परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। वहीं अब गांव नारनौर में गंगा पर बने पुल से होकर मेरठ जाने में करीब 65 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ेगा। धामपुर, नूरपुर, स्योहारा आदि क्षेत्र के लोग पहले चांदपुर होकर वाया गजरौला मेरठ जाते हैं। इससे लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। चांदपुर से धामपुर करीब 38 किलोमीटर, नूरपुर 14 किलोमीटर, स्योहारा 37 किलोमीटर है। अब उनको भी नारनौर में गंगा पर बने पुल से होकर मेरठ जाने में करीब 50 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ेगी।