-क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के न आने पर मिली तारीख
-शिकायतकर्ता ने भेजा पत्र, जान को है खतरा, आ नहीं सकता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। वर्धमान कॉलेज में 27 असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती मामले की जांच में अब अगली तारीख 21 सितंबर लग गई है। मंगलवार को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के न पहुंचने पर मामले में अगली तारीख दे दी गई। जांच समिति ने कॉलेज और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से जांच के संबंध में कई दस्तावेज मांगे थे।
वर्धमान कॉलेज बिजनौर में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत हुई थी, जिसमें एडीएम प्रशासन विनय कुमार की अध्यक्षता में चार सदस्य कमेटी का गठन कर दिया गया था। इसमें क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली, सेवायोजन अधिकारी बिजनौर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बिजनौर को सदस्य बनाया गया है। मंगलवार को इस मामले में जांच समिति ने दोनों पक्षों को बुलाया था। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली मंगलवार को नहीं पहुंचीं। उन्होंने पत्र भेजकर आने में असमर्थता जताई। उधर, कॉलेज की ओर से पक्ष रखने प्राचार्य समिति के सामने पहुंचे। हालांकि मंगलवार को भी मांगे गए सभी दस्तावेज दाखिल नहीं हो पाए। इसमें अब 21 सितंबर को दोबारा सभी को बुलाया गया है।
उधर, शिकायकर्ता ने पत्र भेजकर खुद के आने से इनकार कर दिया। कहा कि उसकी जान को खतरा बना हुआ है, इसलिए शिकायत में दिए गए बिंदुओं को ही उनका बयान मान लिया जाए। वहीं एक-दूसरे शिकायकर्ता रजनीश कौशिक ने भी पुलिस को पत्र भेजकर खुद के जान-माल को खतरा होने की आशंका जताई।
एडीएम प्रशासन विनय कुमार ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। शिकायत में बिंदुवार जानकारी मांगी है। जांच पूरी होने पर जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी।