धामपुर। थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर लाल उर्फ उदुपुरा में मंगलवार रात किसी असामाजिक तत्व ने संत रविदास मंदिर धर्मशाला परिसर में लगी डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी। पता लगने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया और उनके सहयोग से नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराई। गांव के सुधीर कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गांव के पूर्व प्रधान सीताराम, सुधीर कुमार आदि ने बताया कि घटना का पता बुधवार सुबह उस समय लगा जब ग्रामीण संत रविदास मंदिर में पूजा करने गए। वहां पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा टूटी देख उनमें आक्रोश फैल गया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने टूटी प्रतिमा धर्मशाला के एक कमरे में रख दिया और कहा कि जब तक नई प्रतिमा स्थापित नहीं होगी, वे वहां से नहीं हटेंगे।
आजाद समाज पार्टी के मुरादाबाद मंडल के महासचिव एवं जिला पंचायत सदस्य विवेक सेन कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी असामाजिक तत्व ने प्रतिमा तोड़कर गांव के माहौल को खराब करने का प्रयास किया है लेकिन डॉ. आंबेडकर के अनुयायी माहौल खराब नहीं होने देंगे।
इसके बाद पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित करा दिया गया। सीओ अभय कुमार पांडेय का कहना है कि पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।ो