कोतवाली देहात। नहटौर मार्ग पर स्थित निजी चिकित्सालय में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
ग्राम अलीनगर निवासी महिला ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। शनिवार देर रात नवजात की मौत हो गई। इस पर गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा करने लगे। इस दौरान उनकी अस्पताल स्टॉफ से काफी नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद देशवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।