नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में हुआ हंगामा
बढ़ापुर। वार्षिक बजट पर चर्चा के लिए हुई नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में सदस्यों ने अध्यक्ष व ईओ से पंचायत की आय-व्यय का ब्योरा मांगा। साथ ही पंचायत की स्थानीय बस स्टैंड के निकट स्थित भूमि उत्तराखंड के एक व्यक्ति को नाममात्र किराए पर देने का विरोध जताया। पंचायत सदस्यों के आक्रोश व हंगामा बढ़ता देख नगर पंचायत अध्यक्ष को बैठक स्थगित करना पड़ा।
शुक्रवार को नगर पंचायत के वार्षिक बजट पर चर्चा के लिए पंचायत अध्यक्ष ने बैठक बुलाई थी। अध्यक्ष व ईओ से नाराज चल रहे सदस्यों ने बैठक में पहुंचते ही बस स्टैंड के समीप पंचायत की भूमि को उत्तराखंड के एक व्यक्ति को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाते हुए 30 साल के लिए नाममात्र के किराए पर देने का विरोध किया। कहा कि नगर पंचायत इस भूमि पर स्वयं दुकानें निर्माण करा स्थानीय लोगों को किराए पर दे सकती थी। सदस्यों ने अपनी इन मांगों को प्रस्ताव रजिस्टर में शामिल कराना चाहा, जिसको लेकर अध्यक्ष, ईओ और पंचायत सदस्यों के बीच नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देख अध्यक्ष ने बैठक को स्थगित कर दिया। बैठक में सदस्य नगमा आरिफ, एजाज अहमद, फिरदोस जहां, अमर सिंह, मोहम्मद दानिश, मोहम्मद आरिफ, अनीस अहमद, डोली देवी, शकीला, इसरार, राहुल प्रताप, शाहीन, अफरोज आदि उपस्थित रहे। सदस्यों की मांग पर नगर पंचायत कार्यालय में पुलिस तैनात रही।