-तालमेल बनाकर काम करेंगे यूपी और उत्तराखंड के अफसर, किया मंथन
- बरकातपुर चीनी मिल में हुई समन्वय बैठक, पिछले साल की दिक्कतों को भी किया साझा
- मुरादाबाद, अमरोहा, मुजफ्फरनगर के साथ साथ पौड़ी, हरिद्वार के पुलिस अफसर हुए शामिल
पिछले साल की दिक्कतों को भी किया साझा
नजीबाबाद-बिजनौर। 22 जुलाई को सोमवार के दिन से श्रावण माह की शुरुआत हो रही है। दो अगस्त को श्रावण माह की शिवरात्रि रहेगी। ऐसे में कांवड़ यात्रा को लेकर यूपी और उत्तराखंड के पुलिस अफसरों ने रोडमैप तैयार कर लिया है। बाकायदा दोनों ही राज्यों के पुलिस अफसरों की बैठक हुई, जिसमें तालमेल बनाकर इंतजामों को पुख्ता बनाए रखने की रणनीति बनी।
बिजनौर की बरकातपुर चीनी मिल में समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर और मुजफ्फरनगर के साथ साथ हरिद्वार, पौड़ी और काशीपुर के पुलिस अधिकारी शामिल हुए। दोनों प्रदेशों के अधिकारियों एक-दूसरे से अनुभव साझा किए। एएसपी देहात रामअर्ज ने कहा कि दोनों राज्यों के अधिकारियों को संवेदनशील गांव, अवैध शराब, एक दूसरे राज्य के बॉर्डर के कच्चे और पक्के रास्तों पर नजर रखनी होगी। साथ ही अराजकतत्वों, गुंडा, बदमाशों पर पैनी नजर रखने की जररूत है। कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू हो रही है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना दोनों प्रदेशों के पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
एएसपी ग्रामीण ने कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों प्रदेशों के बॉर्डर पर संयुक्त रूप में चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया। कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मीट की दुकानों को बंद कराया जाएगा। कांवड़ मार्ग पर संयुक्त आबादी वाले गांव व कस्बों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में सीओ नजीबाबाद देश दीपक सिंह, सीओ धामपुर सर्वम सिंह, सीओ सिटी संग्राम सिंह, सीओ ट्रैफिक राजेश सिंह, सीओ ट्रैफिक हरिद्वार नताशा सिंह, सीओ ट्रैफिक अमरोहा अभिषेक यादव सहित दोनों राज्यों के निकटवर्ती थाना प्रभारी मौजूद रहे।
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहे पुलिस
नजीबाबाद। दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों की समन्वयक बैठक में कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के सतर्क रहने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा मार्ग पर शरारती तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। संदिग्ध चौराहों और तिराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
जाम से निजात के लिए डायवर्ट प्लान पर की चर्चा
नजीबाबाद। दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले जाम पर अंकुश लगाने के लिए डायवर्ट प्लान पर चर्चा की। एएसपी राम अर्ज ने कहा कि कांवड़ियों को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाना पुलिस की जिम्मेदारी है। कांवड़ यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए कई मार्गाेंं पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा से पूर्व भरे जाएंगे मार्गाें के गड्ढे
नजीबाबाद। समन्वयक बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गाें को दुरुस्त कराने की भी बात कही गई। एएसपी राम अर्ज ने बताया कि पुलिस और उच्चाधिकारी कांवड़ यात्रा मार्गाें का भ्रमण करेंगे। यदि कोई मार्ग बदहाल है और किसी प्रकार का अवरोध है तो उसे तत्काल प्रभाव से सही कराया जाएगा।