यूपी टीईटी परीक्षा का कार्यक्रम घोषित, 12 जनवरी से अपलोड होंगे प्रवेश पत्र
बिजनौर। यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा अर्थात टीईटी का कार्यक्रम घोषित हो गया है। परीक्षा के लिए पूर्व में निर्धारित केंद्रों की पुन: परीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिछली बार प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल स्तर की परीक्षा 33000 से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी। प्रशासन पिछली संख्या के अनुसार बने केंद्रों का परीक्षण कर रहा है।
पिछली बार यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 28 नवंबर को हुई थी। परीक्षा के लिए 27 केंद्र थे। लेकिन पेपर लीक होने से परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। शासन ने अब दोबारा परीक्षा कराने का कार्यक्रम जारी किया है। शासन ने पूर्व में निर्धारित परीक्षा केंद्रों का पुन: तय मानकों पर परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को परीक्षा केंद्रों की सूची 27 दिसंबर तक लखनऊ भेजनी है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 12 जनवरी 2022 को वेबसाइट पर अपलोड होंगे। कार्यक्रम के अनुसार 20 जनवरी तक ओएमआर शीट जिले में आ जाएंगी। परीक्षा 23 जनवरी 2022 को दो पालियों में है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12.30 बजे तक होगी। उच्च प्राथमिक स्तर परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर बाद ढाई बजे से शाम पांच बजे तक होगी।