Bijnor News: चांदपुर से छात्राएं संस्कृत की परीक्षा देकर घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्राओं को हरिद्वार से बरामद कर लिया। छात्राओं कहना था कि वे आगे की पढ़ाई करने के लिए घर से चली गई थीं, किराए पर कमरा भी ले लिया था।
संस्कृत विषय की परीक्षा देने के बाद लापता हुईं इंटर की छह छात्राओं की बरामदगी के लिए दिनभर थाने में हंगामा चला। पुलिस की 11 टीमों का गठन भी किया गया। मगर शुक्रवार की शाम ढलने तक इन छात्राओं को ढूंढ निकाला, जोकि हरिद्वार में मिलीं।
बृहस्पतिवार को चांदपुर के एक परीक्षा केंद्र पर यूपी बोर्ड के संस्कृत विषय की परीक्षा हुई। इस परीक्षा में शामिल होने वाली थाना हीमपुर दीपा और चांदपुर के अलग-अलग दो गांव की चार छात्राएं अपनी दो सहपाठियों के साथ लापता हो गईं। देर शाम तक छात्राओं के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने पुलिस को छह छात्राओं के लापता होने की तहरीर दी।
छात्राओं की बरामदगी का आश्वासन देती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
इस मामले में शुक्रवार को छात्राओं के परिजन और अन्य लोग चांदपुर थाने पहुंच गए। हंगामा कर छात्राओं की बरामदगी की मांग की। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन लोगों में रोष बना हुआ था। महिलाएं दरी बिछाकर बैठ गईं। सूचना पर थाने पहुंचे एएसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह ने लोगों को समझाकर शांत किया। छात्राओं के परिजनों के अलावा शिवसेना जिला प्रमुख चौधरी वीर सिंह, शेरबाज पठान, भाजपा नेता कपिल चौधरी, प्रमोद सूर्या, वीरेंद्र राजपूत, डॉ. लाखन सिंह पाल, विक्की जोशी आदि थाने में मौजूद रहे।
नौकरी करने के इरादे से हरिद्वार पहुंची थी छात्राएं: एसपी
एसपी अभिषेक झा ने बताया कि छात्राओं को बरामद कर लिया गया है। बताया कि वे नौकरी करते हुए आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहती थीं। हरिद्वार पहुंचकर छात्राओं ने रोशनाबाद में तीन हजार रुपये मासिक पर कमरा किराए पर ले लिया था। छात्राओं को बरामद करने के बाद वन स्टॉप सेंटर पर भेज दिया गया है।