बिजनौर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अमित कुमार ने नजीबाबाद में पारिवारिक विवाद के चलते सलफॉस निगल लिया। हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल रेफर किया गया। पुलिस ने मौके से सलफॉस पैकेट और सुसाइड नोट बरामद किया है।
बिजनौर पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी अमित कुमार (2021 बैच), निवासी डोमला हसनगढ़, थाना अहमदगढ़ (बुलंदशहर) ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। यह घटना नजीबाबाद स्थित उसके किराये के मकान, सरस्वती विहार कॉलोनी की है।
बताया गया कि सिपाही ने मंगलवार को जहर खाया। परिजनों और साथियों ने उसे तुरंत समीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत बिगड़ने पर बिजनौर के निजी अस्पताल और फिर मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस को मौके से सलफॉस का पैकेट और एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में पारिवारिक कलह और दीप्ति नाम की एक युवती व उसके परिवार द्वारा प्रताड़ना का जिक्र किया गया है।
सूचना मिलते ही एसपी सहित आला अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।