Bijnor News : बिजनौर में गुलदार का आतंक जारी है। सोमवार को काम करके लौट रहे राजमिस्त्री पर गुलदार ने हमला बोल दिया। इस दौरान राहगीरों ने किसी तरह युवक की जान बचाई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
बिजनौर जनपद के स्योहारा में राजमिस्त्री का काम कर वापस आ रहे बाइक सवार युवक पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान राहगीरों ने शोर मचा कर गुलदार को भगाया। घायल अवस्था में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
सोमवार की शाम करीब छह बजे ग्राम नरावली निवासी अर्जुन पुत्र हरि सिंह ग्राम पोटा से राजमिस्त्री का काम करके वापस लौट रहा था। इसी बीच गांव के पास पहुंचते ही गन्ना क्रय केंद्र के पास सड़क किनारे घात लगाए बैठे गुलदार ने बाइक सवार अर्जुन पर हमला कर दिया। हमले में अर्जुन बाइक सहित नीचे गिर गया। इसके बाद गुलदार ने युवक पर हमला बोल दिया। तभी राहगीर राजेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, यशवीर सिंह, जयप्रकाश आदि ने शोर मचाकर गुलदार को भगाया।
वहीं, घायल अवस्था में अर्जुन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को देकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।