गांगन नदी में अज्ञात शव मिला
नहटौर। गांगन नदी के किनारे झाड़ियों में अटका करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शनाख्त करने की कोशिश की लेकिन मृतक की शनाख्त नहीं हो सकी है।
गांव अमीनाबाद के किसान अपने खेतों पर काम करने गए थे। बताया जाता है कि खेतों के पास गांगन नदी के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव अटका हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। शव नदी में बहकर आने का अनुमान लगाया जा रहा है। पानी कम होने के कारण वह झाड़ियों में आकर फंस गया। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि शव की शनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।