बिजनौर जनपद के नहटौर में हुए सड़क हादसे में एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। टायर फटने की एक अनहोनी ने सड़क पर दो युवकों की जिंदगी पलट दी। नूरपुर की ओर से आ रही एक कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में स्योहारा क्षेत्र के गांव रामखेडा निवासी हिपेंद्र कुमार (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद पुष्पेंद्र त्यागी (31) गंभीर रूप से घायल हो गया।
मंगलवार शाम को हिपेंद्र अपने गांव के साथी पुष्पेंद्र को साथ लेकर कोतवाली देहात क्षेत्र के लक्खूवाला गांव गया था। लौटते वक्त बालापुर के पास सामने से आ रही कार का टायर फटा, जिससे वह तेजी से एक ओर मुड़कर बाइक से टकरा गई।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 28 मई को आपके शहर में क्या हुआ
इलाज के दौरान टूटी सांसें
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान हिपेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुष्पेंद्र की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम, एफआईआर दर्ज
मृतक हिपेंद्र की पत्नी प्रियंका ने थाने में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।