नहटौर। मंगलवार शाम कोतवाली मार्ग पर गांव फतेहपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया।
किरतपुर क्षेत्र के गांव उमरी आलोपुर उर्फ आलमपुर निवासी टिंकू (36) पुत्र रामस्वरूप, उसका भतीजा शुभम (24) पुत्र किशन सिंह और पड़ोसी उदयपाल (25) पुत्र रोहिताश सिंह मंगलवार को किसी काम से नहटौर आए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे।
कोतवाली मार्ग पर गांव फतेहपुर के सामने हनुमान मंदिर के पास पहुंचने पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को बिजनौर के अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने शुभम और उदयपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि टिंकू का उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।