अफजलगढ़। हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर गांव आसफाबाद चमन के पास बाइकों की आमने सामने की टक्कर में घायल हुए दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद इनके शव घर पहुंचे तो परिवार वाले गम में डूब गए। गमगीन माहौल में अकरम के शव को सुपुर्द ए खाक किया गया जबकि महिपाल का अंतिम संस्कार रामगंगा घाट पर किया गया।
रविवार को दोनों युवकों के शव उनके गांव माननगर और भज्जावाला में घर पहुंचने पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बता दें कि शनिवार की देर शाम गांव भज्जवाला निवासी अकरम (32) पुत्र मोहम्मद उमर बाइक से गांव आसफाबाद चमन जाने के लिए निकला। राखी मेमोरियल स्कूल के पास सामने से आ रहे गांव माननगर निवासी महिपाल सिंह (34) पुत्र घसीटा सिंह की बाइक से उसकी बाइक टकरा गई।
महिपाल बाइक से अगवानपुर जा रहा था। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से चिकित्सक ने दोनों की गम्भीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया। घायल अकरम को परिजन मुरादाबाद तथा महिपाल को उसके परिवार वाले काशीपुर अस्पताल में ले गए थे।
जहां दोनों की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। अकरम के परिवार में पत्नी व दो बच्चे है। जबकि महिपाल की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी उसके अभी कोई बच्चा नही है। उसकी पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।