बिजनौर: शेरकोट में खो बैराज में दो युवकों के डूबने के बाद जमा भीड़।
- फोटो : BIJNOR
खो बैराज में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत
शेरकोट (बिजनौर)। होली का रंग खेलकर खो नदी में नहाने गए दो युवकों की नदी में डूबकर मौत हो गई। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। होली की खुशी गम में बदल गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया।
खो नदी बैराज के पास मौजूद लोगों ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पांच युवकों को ई-रिक्शा से नदी के पास आते देखा। पांच युवक रंग खेलने के बाद नहाने के लिए आए थे। पांचों युवक नदी में नहाने लगे। कुछ देर बाद नदी के किनारे कुछ लोग आए तो उन्हें वहां कोई युवक नहीं दिखा। नदी किनारे युवकों के कपड़े रखे थे। युवकों के कपड़े देखकर उन्होंने पांचों युवकों के डूबने का शोर मचा दिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सीओ महेश कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने नदी में युवकों की तलाश की। युवकों की तलाश में मछली पकड़ने का जाल भी नदी में डाला गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नदी से दो युवकों के शव निकाले।
युवकों के शव नदी में गेट नंबर दो के सामने काफी गहराई से मिले। उनकी शनाख्त मोहल्ला नौधना निवासी 21 वर्षीय विकास कुमार सैनी और 20 वर्षीय अश्वनी सैनी के रूप में हुई। बाकी युवकों की तलाश की काफी कोशिश की गई। बाद में पता चला कि तीनों युवक अपने घर पर हैं। दो साथियों के गहरे पानी में डूबने के बाद तीनों युवक बिना किसी को कुछ बताए अपने घर चले गए थे। तीन युवकों के सकुशल मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। मोहल्ले वालों ने बताया कि पांचों युवक ई-रिक्शा से खो बैराज पर आए थे। सभी नशे में थे। विकास व अश्वनी को तैरना नहीं आता था। तैरना न आने व नशे में होने के कारण दोनों डूब गए। त्योहार पर दो युवकों की मौत से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।