स्योहारा/शेरकोट (बिजनौर)। शादी समारोह से घर लौट रहे दो बाइकों पर सवार पांच युवक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हायर सेंटर भेजा गया है।
चांदपुर की एक युवती की शादी स्योहारा गैस एजेंसी के पास हुई थी। मंगलवार देर शाम दुल्हन और दूल्हा व कुछ रिश्तेदार कार से लौट रहे थे, जबकि कुछ बाइक पर सवार थे। नूरपुर मार्ग पर गांव सरकड़ी के पास नूरपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक से दो बाइकों की टक्कर हो गई। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी पर दो लोग बैठे थे। पांचों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पांचों को सीएचसी लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने आकाश (26) पुत्र सीताराम निवासी पैजनियां थाना हल्दौर तथा सोनू (35) पुत्र पूरन सिंह निवासी मोहितपुर थाना अमरोहा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिकेत पुत्र नरेंद्र निवासी शिवालाकलां, गौरव पुत्र जबर सिंह निवासी गांव पैजनियां थाना हल्दौर, कुसुम पत्नी चमन निवासी राजा का ताजपुर को हायर सेंटर रेफर कर गया गया। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, शेरकोट क्षेत्र में मंगलवार रात चुंगी नंबर पांच पर तीन बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। तीनों को धामपुर सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।