लिंक एक्सप्रेस सहित दो ट्रेनों का पांच दिन होगा संचालन
नजीबाबाद(बिजनौर)। नजीबाबाद से गुजरने वाली लिंक एक्सप्रेस और काठगोदाम-देहरादून के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों को सप्ताह में तीन दिन के स्थान पर पांच दिन संचालित किया जाएगा।
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मुरादाबाद सुधीर सिंह ने मंडल के स्टेशनों को दो ट्रेनों लिंक एक्सप्रेस और काठगोदाम से देहरादून के बीच सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली ट्रेनों के पांच दिन संचालित होने की सूचना जारी की है। सूबेदार गंज से देहरादून के बीच संचालित लिंक एक्सप्रेस 14113 अप सोमवार, बुधवार, शुक्रवार के अतिरिक्त सात जून से मंगलवार और शनिवार को भी संचालित होगी। उधर, देहरादून से सूबेदारगंज के बीच संचालित ट्रेन 14114 डाउन 10 जून से सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार के अतिरिक्त शुक्रवार और शनिवार को भी संचालित होगी।
उधर, देहरादून से काठगोदाम के बीच दोनों दिशाओं में संचालित एक्सप्रेस ट्रेन को भी रेलवे सप्ताह में पांच दिन संचालित करेगा। देहरादून से काठगोदाम के बीच संचालित 14120 आठ जून से मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार के अतिरिक्त बुधवार और रविवार को संचालित होगी। काठगोदाम से देहरादून के बीच संचालित 14119 बुधवार, शुक्रवार और रविवार के अतिरिक्त नौ जून से सोमवार और बृहस्पतिवार में भी संचालित होगी।