पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद में शनिवार देर रात दो मंजिला इमारत गिरने से उसके नीचे दबकर धामपुर के मोहल्ला नई सराय निवासी दो सगे भाइयों की मौत हो गई। अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिवार के लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
मोहल्ला नई सराय निवासी 48 वर्षीय मोहम्मद शाहिद पुत्र मोहम्मद साबिर करीब 15 साल पहले अपनी पत्नी रेहाना, 15 वर्षीय बेटे नावेद, 17 वर्षीय दानिश और बेटी 16 वर्षीय नेहा के साथ दिल्ली के मुस्तफाबाद में रहने के लिए चले गए थे। धामपुर में उनके चचेरे भाई गुलजार व अन्य लोग रहते हैं।
चचेरे भाई गुलजार ने बताया कि शनिवार दोपहर दिल्ली में हुई घटना में शाहिद के दो बेटे दानिश और नावेद की मौत हो गई। जबकि शाहिद , उनकी पत्नी रेहाना, बेटी नेहा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका दिल्ली में इलाज चल रहा है। बताया कि उनके भाई मोहम्मद शाहिद की कई वर्ष पहले आंखों की रोशनी चली गई थी। वह दिल्ली में छोटा मोटा काम करके ही परिवार का भरण पोषण कर रहे थे।
उनके दोनों बेटे दानिश और नावेद भी मजदूरी करने लगे थे। अब परिवार की परवरिश ठीक हो रही थी। दोनों बेटे परिवार का सहारा बने थे। लेकिन शनिवार देर रात दो मंजिल इमारत के अचानक ढह जाने से उनके दोनों बेटों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार के सभी लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।