संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अभिनेता मुश्ताक खान और सुनील पाल का अपहरण करके फिरौती वसूलने में शामिल रहे दो और गैंगस्टर के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक चार की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
शहर कोतवाली पुलिस ने शहर मोहल्ला नई बस्ती निवासी आकाश उर्फ गोला और मोहल्ला अचारजान निवासी सबुद्दीन उर्फ सैबी को गिरफ्तार किया है। जिन्हें अदालत ने जेल भेज दिया। इनके अलावा गैंग्स्टर के दो आरोपियों शिवा और अजीम ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि इसी मामले में पुलिस ने रविवार को अर्जुन कर्णवाल निवासी मोहल्ला बुल्ला का चौराहा और शुभम निवासी मोहल्ला चमरपेड़ा को गिरफ्तार करने के बाद चालान कर दिया गया था।
बता दें कि पिछले दिनों शहर कोतवाल रामप्रताप ने लवी उर्फ सुशांत उर्फ हिमांशु निवासी नई बस्ती, आकाश उर्फ गोला उर्फ दीपेंद्र निवासी नई बस्ती, सार्थक चौधरी उर्फ रिक्की निवासी रम्मू का चौराहा, अंकित उर्फ पहाड़ी निवासी राम का चौराहा, अर्जुन कर्णवाल निवासी बुल्ला का चौराहा, अजीम अहमद निवासी मोहल्ला कस्साबान, सबुद्दीन उर्फ सैबी निवासी मोहल्ला अजारजान, शुभम और शिवा निवासी नई बस्ती चमरपेड़ा तथा गाजियाबाद के जनकपुर निवासी शशांक के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया था।
आरोप था कि इनका एक संगठित गिरोह है, जिनका गैंग लीडर सार्थक उर्फ रिक्की चौधरी है। बाकी गिरोह के सदस्य हैं। जोकि आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए संगठित रूप से गिरोह बनाकर अपहरण और फिरौती जैसे अपराध में लिप्त हैं। इनके अपराधों का विवरण गैंग चार्ट में लिखा हुआ है।
- इवेंट की आड़ में अपहरण कर वसूली थी फिरौती
20 नवंबर 2024 को आरोपियों ने इवेंट के नाम पर अभिनेता मुश्ताक खान को बुलाया और दिल्ली से अपहरण कर बिजनौर ले आए थे। अभिनेता को बिजनौर की नई बस्ती सुशांत उर्फ़ लवी के एक मकान पर रखा गया। साथ ही आरोपियों ने डरा धमकाने के बाद 2.20 लाख की वसूली कर ली थी। मुश्ताक खान की ओर से शहर कोतवाली में केस दर्ज कराया गया था। जबकि दो दिसंबर को अभिनेता सुनीलपाल का अपहरण कर वसूली की गई थी। मेरठ के थाना लालकुर्ती में सुनील पाल की ओर से केस दर्ज कराया गया था। उस वक्त पुलिस ने नौ आरोपियों को पकड़ लिया था जबकि एक आरोपी को मेरठ पुलिस ने दबोचकर जेल भेज दिया था। सुनील पाल से आठ लाख की फिरौती वसूली गई थी।