नजीबाबाद/मंडावली। किसी वाहन की चपेट में आने से दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक 21- गढ़वाल रायफल कोटद्वार में तैनात था।
पूर्वी गंग नहर बाईपास मार्ग पर गुलाल वाली नहर पुल के निकट सोमवार की रात में बाइक यूके 12/4304 किसी वाहन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर दो युवक अचेत पड़े होने की सूचना पर पहुंची मंडावली पुलिस को दोनों युवक मृत पड़े मिले।
मृतकों की पहचान कोटद्वार के सीमलचौड़ निवासी देवेंद्र सिंह के पुत्र विजेंद्र सिंह रावत (29) और कोटद्वार के बलभद्रपुर निवासी गोपाल दत्त के पुत्र शुभेंद्र धूलिया (23) के रूप में हुई। परिजनों को सूचित करने के साथ मंडावली थाने के एसआई नरेंद्र सिंह ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बिजनौर पहुंचे दुखी परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव ले गए।
हैलमेट पहने था एक युवक
नजीबाबाद। देहरादून में विवाह समारोह में शामिल होकर विजेंद्र और शुभेंद्र घर वापस लौट रहे थे। बाइक कौन चला रहा था, इस संबंध में पता नहीं लगा, अलबत्ता घटनास्थल पर पुलिस को एक हैलमेट क्षतिग्रस्त हालत में मिला।
इससे बाइक चलाने वाले युवक के हैलमेट पहने होने की संभावना जताई गई है।
इकलौते बेटे थे दोनों
नजीबाबाद। विजेंद्र रावत इकलौता पुत्र था। परिजनों ने बड़े अरमानों से विजेंद्र को सेना में भर्ती किया था। जून 2015 में ही विजेंद्र की शादी हुई थी।
वह अवकाश पर घर लौटा हुआ था। उधर, शुभेंद्र धूलिया भी अपने परिजनों का इकलौता होनहार पुत्र था। बीटेक करने के बाद नौकरी नहीं मिलने पर शुभेंद्र ने हाल ही में दुकान पर कारोबार शुरू किया था।