चांदपुर। बास्टा क्षेत्र के गांव बसंतपुर के जंगल में काम कर रहे दो किसानों को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। घायलों को सीएचसी स्याऊ से बिजनौर के लिए रेफर कर दिया गया है।
क्षेत्र में गुलदार का आतंक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। खेत पर काम कर रहे किसानों पर गुलदार हमले की घटनाएं नहीं थम रही है। शुक्रवार को बास्टा क्षेत्र के गांव ठेठ निवासी सजराम पुत्र करन सिंह अपने गेहूं के खेत में गेहूं काट रहा था तथा गांव बसंतपुर निवासी नितिन पुत्र नरेश कुमार गन्ने के खेत में ईख की खोदाई कर रहा था। दोनों के खेत पास-पास हैं। दोपहर अचानक गुलदार ने पहले नितिन पर हमला कर दिया। जब सजराम ने देखा तो वह शोर करता हुआ दौड़ा तो गुलदार उस पर भी हमला कर दिया।
शोर सुनकर लोगों के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी स्याऊ पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने बिजनौर के लिए रेफर कर दिया है। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने के लिए मौके पर ट्रैप कैमरे लगवा दिए हैं। पिंजरा लगवाया जा रहा है।