ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत
नजीबाबाद। दो अलग-अलग जगहों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
मोहल्ला जाब्तागंज निवासी 32 वर्षीय बाबू पुत्र शकील सिद्घबली जनशताब्दी एक्सप्रेस से अपने परिवार को लेने चांदपुर जा रहा था, जैसे ही वह प्लेटफार्म पर पहुंचा तभी ट्रेन छूट गई। चलती ट्रेन को पकड़ने के प्रयास में बाबू प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच आ गया। गंभीर चोटें आने पर बाबू को नगर के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बार संघ अध्यक्ष वसीम अहमद एड. के संबंधी बाबू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं नगर के डबल फाटक फ्लाईओवर क्षेत्र में रविवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति संतोमालन निवासी अनिल शर्मा की मौत हो गई। दोनों शवों को परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने परिवार को सौंप दिया।