हाईवे पर दो बसें टकराईं, 18 यात्री घायल
किरतपुर/बिजनौर। मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर बिजनौर-नजीबाबाद के बीच पानीपत डिपो और प्राइवेट बस आपस में टकरा गई। हादसे में 18 यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आईं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उधर, हादसे के बाद हाईवे जाम हो गया। करीब डेढ़ घंटा तक सड़क जाम रही।
बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे हरियाणा रोडवेज की बस कोटद्वार से पानीपत जा रही थी। पानीपत डिपो की बस बिजनौर-किरतपुर के बीच स्वाहेड़ी के पास पहुंची तो सामने से आ रही प्राइवेट बस से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्राइवेट बस ओवरटेक कर रही थी तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नजीबाबाद जा रही प्राइवेट बस का रुख बदलकर बिजनौर की ओर हो गया। बसों की टक्कर लगते ही चीख पुकार मच गई। हाईवे फोरलेन बनाने वाली कंपनी के कैंप कार्यालय से लोग दौड़े, जिन्होंने यात्रियों को बसों से निकालना शुरू किया। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने घायल यात्रियों को सरकारी और प्राइवेट एंबुलेेंस से बिजनौर अस्पताल भिजवाया। इस हादसे में 18 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें 12 यात्रियों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी निजी अस्पतालों में चले गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
ये हुए घायल
हरियाणा रोडवेज बस के परिचालक प्रवीण (42) पुत्र दयानंद निवासी शक्तिनगर पानीपत,
यात्री इनायत (18) पुत्र यूसुफ मोहल्ला बाबदरपुर दिल्ली रोड शामली, डिंपल (30) पत्नी मनीष निवासी उमरा खेड़ी पानीपत, अकरम (23) पुत्र अलाउद्दीन निवासी जलालाबाद, रोहित (23) पुत्र चमन निवासी मकबरा नजीबाबाद, ओमवती (55) पत्नी चंद्रपाल निवासी मूलचंदपुर नजीबाबाद, राजकुमार (50) पुत्र मुस्ताद निवासी चमरू, पौड़ी गढ़वाल, कुंज (5) पुत्र मिथुन निवासी कड़ा वजीदपुर हल्दौर, शेखर (36) पुत्र शेर सिंह निवासी अकबरपुर कोटद्वार, विनोद (55) पत्नी जितेंद्र निवासी कड़ा वजीदपुर, नइमा (35) पत्नी सिराजुद्दीन निवासी उमरी बरूकी बिजनौर, अफसार (6) पुत्र सिराजुद्दीन निवासी उमरी बरूकी बिजनौर घायल हो गए।
दोनों बसों में सवार थे 48 यात्री
हरियाणा रोडवेज बस में करीब 20 यात्री थे, जबकि प्राइवेट बस में करीब 28 सवारियां थीं। हादसा होने पर जिन सवारियों को चोटें नहीं आई थीं, वह अपने घरों को चले गए। दोनों बसों के ड्राइवर पुलिस को मौके पर नहीं मिले। उधर, हादसे में घायल हुए छह यात्रियों को प्राइवेट एंबुलेंस वालों ने निजी अस्पतालों में भर्ती करा दिया।
डेढ़ घंटा तक लगा रहा जाम
बसों की टक्कर के बाद एक बस हाईवे पर तिरछी खड़ी हो गई थी। पुलिस ने पहले घायलों को बसों से निकाला इसके बाद क्रेन मंगाई। दोनों ही बसों को क्रेन की मदद से हटाया गया। जिसके बाद ट्रैफिक सुचारु हो सका। घटनास्थल पर दोनों तरफ दो-दो किमी लंबी लाइन लग गई थी।
बिजनौर-नजीबाबाद रोड पर स्वाहेड़ी के पास आपस में बस टकराने से हुए घायल।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर-नजीबाबाद रोड पर स्वाहेड़ी के पास टकराई रोडवेज और प्राइवेट बस।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर-नजीबाबाद रोड पर स्वाहेड़ी के पास आपस में बस आपस में टकराने के बाद लगा जाम।- फोटो : BIJNOR