वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत
बिजनौर। तहसील चांदपुर क्षेत्र के गांव महबुल्लापुर ढाकी के सामने दो बाइक सवार युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव जमालुद्दीनपुर निवासी राहुल पुत्र रामनिवास तथा सतवीर पुत्र महावीर सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक राहुल और सतवीर दोनों बृहस्पतिवार को एक समारोह में शामिल होने गांव नलपुरा गए थे। देर शाम घर लौटते समय गांव महबुल्लापुर ढाकी के ईट भट्ठे से कुछ दूरी पर किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित किया तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक दोनों युवक शादीशुदा थे। दोनों की उम्र 25 थी। मृतक सतवीर का एक चार साल का बेटा है तथा राहुल की पत्नी गर्भवती है।