नहटौर। थाना पुलिस ने गोकशी के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च को ग्राम वाजिदपुर के जंगल में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। जांच में पशुओं की पहचान तुराबनगर स्थित गोशाला की हुई। इस मामले में गोशाला के चौकीदार दयाराम को पहले ही गिरफ्तार किया गया था। दयाराम ने पूछताछ में शाहबाज उर्फ गुल्लू और इमरान के नाम बताए थे। 21 मार्च की रात बलदाना-इलाहाबाद सड़क पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने अवैध हथियार, पशु वध के उपकरण, बाइक बरामद किए हैं।
सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि शाहबाज उर्फ गुल्लू के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। इमरान के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं। शाहबाज ने 19 नवंबर 2025 को भी पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसमें वह घायल हुआ था।