चांदपुर। पुलिस ने पुरानी बास्टा की चुंगी स्थित मोहल्ला शाहचंदन में भैंस वंशीय पशु का मांस बेचने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 15 किलोग्राम मांस, मांस काटने के उपकरण और लकड़ी का गुटका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक सागर चौधरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बास्टा चुंगी के पास एक प्लाट में भैंस को काटकर उसका मांस बेचने के लिए तैयार किया जा रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम पता मोहल्ला शाहचंदन निवासी अफजाल और आसिफ बताया है। पुलिस ने दोनों से मांस काटने का लाइसेंस मांगा, लेकिन वे कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुबह एक कटरे को काटा था और उसके अवशेष चांदपुर से जाने वाले गंदे नाले में बहा दिए थे। मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर मांस की जांच कराई गई। चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया इसे भैंस वंशीय बताया और जांच के लिए नमूना भी लिया। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।