जाम लगा धरना प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
धामपुर में नगर के कुछ लोगों ने सोमवार रात जैतरा रेलवे फाटक के पास सरकारी जमीन पर रखे सात लोगों के खोखों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपी एक दुकानदार को कार में डालकर ले गए और उसे नहर में फेंकने का प्रयास किया। आरोपियों ने चौकीदारी करने वाले व्यक्ति को भी घटना के संबंध में किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोपी फरार हो गए। मंगलवार को दिन निकलने पर दुकानदारों ने परिवार के साथ नगर का मेन मार्ग जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाल को दो लोगों को नामजद करते हुए 12 अज्ञात के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव जैतरा निवासी नरेंद्र कुमार अग्रवाल, अजय कुमार शर्मा, जिनेंद्र कुमार, रमेश सैनी, खुर्शीद, राजकुमार, राजीव अग्रवाल ने बताया कि जिस जमीन पर रखे उनके खोखों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया है, उस जमीन पर वह करीब 30 सालों से अपना कारोबार करते आ रहे हैं। यह जमीन पहले ग्राम सभा जैतरा में थी। लेकिन अब यह जमीन पालिका में शामिल है। जब जमीन जैतरा ग्राम सभा में शामिल थी, तो प्रधान से जमीन की रसीद कटवाई गई थी। बाद में पालिका सीमा में आने के बाद वह पालिका को तहबाजारी देते आ रहे हैं। आरोप है कि पूर्व पालिकाध्यक्ष ने 2014 में इस जमीन का किराएदार डॉ. दिनेश कुमार को बनवा दिया। तभी से यह मामला कोर्ट में चल रहा है।
सोमवार रात करीब दो बजे दो लोग 12 अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे। कार में सवार पांच लोगों ने खोखे में सो रहे नरेंद्र कुमार अग्रवाल को पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए कार में डाल कर ले गए। नरेंद्र ने बताया कि आरोपी उसे एक नहर के किनारे ले गए और उसमें फेंकने का प्रयास किया। इसी बीच आरोपियों में से एक के पास फोन आया कि खोखों को ध्वस्त कर दिया गया है। तब आरोपी उसे वापस लेकर आए और शीला टाकिज पर छोड़ दिया। उसने घटना स्थल पर आकर देखा तो उसके खोखे सहित सभी छह अन्य लोगों के खोखे ध्वस्त थे। इन लोगों का पांच लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। मंगलवार को घटना के विरोध में लोगों ने नगर के मेन मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस से घटना में शामिल आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सत्ता पक्ष के लोगों की मिलभगत से आरोपियों ने गरीबों के खोखों को ध्वस्त किया है। इस दौरान लक्ष्मी, सईदा खातून, विनोद, रिंकी अादि रहे।