बिजनौर में वासु के परिजन से उलझते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में अगवा वासु के परिजनों और बिरादरी के लोगों को बुधवार की रात अफसरों के साथ पुलिस ने अनशन स्थल से जबरन उठाने की कोशिश की। हालांकि कामयाबी नहीं मिली। शुक्रवार को होने वाला प्रदर्शन अफसरों के कहने पर जरूर स्थगित कर दिया गया है। वासु के अब तक बरामद न होने से पुलिस महकमे में खलबली मची है।
अगवा वासु का 45 दिन बाद भी पुलिस पता नहीं लगा पाई है। वासु के परिजन कलक्ट्रेट में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं, तो बिरादरी के लोग धरना दिए हैं। बुधवार की रात तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा अपनी टीम व बढ़ापुर के थाना प्रभारी अजय गौतम को साथ लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। वासु के परिजन व धरना दे रहे लोगों को वहां से उठाने की कोशिश की, पर इसमें कामयाब नहीं हुई। बाद में उनसे बातचीत करके लौट आए।
बृहस्पतिवार को वासु के परिजनों का सातवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। बिरादरी के लोग धरने पर डटे रहे। भुईयार समाज के लोगों ने वासु के समर्थन में शुक्रवार को होने वाले प्रदर्शन को एसपी उमेश श्रीवास्तव के अनुरोध पर स्थगित कर दिया है। अब यह प्रदर्शन शुक्रवार को नहीं होगा। पुलिस वासु को बरामद करने के लिए कई लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ करने में जुटी है। उधर, धरनास्थल पर भुईयार समाज के वरिष्ठ नेता ठेकेदार मेहर सिंह, देवानंद, के पी सिंह, मानसिंह, मनुज भुइयार, तेजपाल सिंह, देशराज एडवोकेट सहित कई व्यक्ति बैठे रहे। उधर, अपना दल ने प्रशासन से अपहृत छात्र वासु की बरामदगी की मांग करते हुए परिवार के साथ होने का वादा किया। वहीं अखिल भारतीय मानवाधिकार निगरानी समिति ने वासु की बरामदगी को समर्थन किया है ।