बिजनौर में शनिवार को हुई बारिश में छाता लगाकर जाती युवतियां। संवाद
बिजनौर। शनिवार शाम को झमाझम बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया लेकिन करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा से कई जगह पेड़ टूटने से सड़क और रेल ट्रैक भी बाधित हुआ। नजीबाबाद-हरिद्वार रेल ट्रैक पर आंधी के चलते पेड़ गिर गया, जिसके चलते देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदेभारत पांच घंटे लेट पहुंची। वहीं देहरादून से काठगोदाम जाने वाली नैनी एक्सप्रेस भी छह घंटे से ज्यादा लेट हुई।
शनिवार को दिन में धूप निकली लेकिन शाम होते-होते मौसम बदल गया। करीब साढ़े तीन बजे आसमान में काले घने बादल छा गए। देखते ही देखते शाम तेज हवाओं के साथ चार बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद करीब एक घंटे झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से वाहनों की रफ्तार भी थम गई। बाइक सवार रुक-रुककर अपनी मंजिल तक पहुंचे।
वहीं, रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से वंदेभारत ट्रेन का संचालन भी प्रभावित हुआ। रायवाला स्टेशन पर करीब दो घंटे वंदेभारत ट्रेन खड़ी रही। ऐसे में अब ट्रैक से पेड़ हटाने का कार्य चल रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अभी रविवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई बारिश : जलीलपुर में दो दिनों से मौसम खराब होने की चेतावनी के बाद शनिवार दोपहर को आसमान में काले बादल छा गए। बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। क्षेत्र में कुछ स्थानों पर ओले भी पड़े। बिजली की तड़तड़ाहट से खेतों में काम कर रहे किसान व मजदूर सहम गए।
उलेढ़ा और लदुपुरा बिजलीघरों के 27 गांव की आपूर्ति हुई ठप : हीमपुर दीपा/ छाछरी मोड़। शनिवार की शाम अचानक हुए मौसम खराब के बीच आंधी से बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
क्षेत्र के बिजलीघरों उलेढ़ा और लदुपुरा के 27 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश होने से किसानों की गन्ने की फसल और पशु चारे को लाभ मिला है। जेई अजय कुमार ने बताया कि तेज हवा और बारिश से 3:30 बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। बारिश रुकने के बाद ही आपूर्ति बाधित होने का पता चल सकेगा।