अफजलगढ़। क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ने के बावजूद बिजली की अंधाधुंध कटौती की जा रही है। गांव बरखेड़ा में 24 घंटे में मात्र 7-8 घंटे ही बिजली मिल पा रही है उस पर ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है, जिससे लोग गर्मी के मारे परेशान है।
विद्युत निगम के अधिकारियों से बार-बार विद्युत आपूर्ति में सुधार किए जाने की मांग के बाद भी सुधार ना होने से ग्रामीण परेशान है। आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत निगम के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों से कम से कम 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग की है। गांव बरखेड़ा के ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में पैगंबरपुर स्थित फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। गांव में सिर्फ 7- 8 घंटे ही उन्हें बिजली मिल पा रही है। उस पर उन्हें ट्रिपिंग की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है, जिस कारण उन्हें एक घंटे भी लगातार सीधे बिजली नहीं मिल रही है। बिजली ना आने से बिजली के उपकरण शोपीस बने हुए है।
गर्मी में बुरा हाल है खासकर महिला बच्चे व बुजुर्ग खासे परेशान है। ग्रामीणों का कहना है कि वह अनेक बार विद्युत निगम के अधिकारियों से शेड्यूल के अनुसार कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग कर चुके है किंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों में रोष है। आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत निगम के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन कर उच्चाधिकारियों से 18 घंटे आपूर्ति कराने की मांग की है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में महीपाल कश्यप, कपिल कश्यप, कोमल त्यागी, रिंकू, अबरार हुसैन, सतीश त्यागी, अमित त्यागी, उपदेश चौहान, कपिल त्यागी, पवन मीणा, बृजन त्यागी व हरपाल सिंह आदि रहे। सहायक अभियंता ऋषिकांत का कहना है कि जिस प्रकार ऊपर से बिजली प्राप्त हो रही है वैसे ही आपूर्ति की जा रही है।