बिजनौर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्राधिकरण के तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस से पूर्व लोगों को मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम-2017 के विषय में जानकारी देकर जागरुक किया गया।
बृहस्पतिवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर में जिला जज जयश्री आहूजा की अध्यक्षता एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आमिर सुहेल के संचालन में जागरुकता कार्यक्रम में लोगों को दिमागी रूप से बीमार व्यक्तियों के अधिकारों के प्रति जागरुक किया गया। जिला जज ने कहा कि दिमागी रूप से बीमार लोगों के साथ अच्छा बर्ताव करना चाहिए। ऐसा करने पर उनके जल्द ही ठीक होने की संभावना रहती है। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ज्ञानचंद ने बताया कि दिमागी रूप से बीमार व्यक्ति में सोचने समझने की क्षमता सामान्य लोगों की अपेक्षा काफी कम होती है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि मानसिक रोगियों को इस बीमारी का कतई भी अहसास न होनें दें। इस अवसर पर फिजीशियन डा. राधेश्याम वर्मा, डा. केके सिंह, सर्जन अरुण पांडेय आदि मौजूद रहे।