परिवहन निगम की प्रोत्साहन योजना शुरू
बिजनौर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बिजनौर डिपो की ओर से सभी आठों नई बसें दिल्ली-कोटद्वार मार्ग पर चलाई जाएंगी। साथ ही अन्य रूट पर बसों के 20 प्रतिशत चक्कर लगाए जाएंगे। अफसरों की मानें तो दस दिन की अवधि में तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करने पर प्रतिदिन के हिसाब से चालकों-परिचालकों को 400 रुपये के हिसाब से प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। वर्कशॉप कर्मचारियों को दस दिन काम करने पर 1200 रुपये और नौ दिन काम करने पर एक हजार रुपये इंसेंटिव मिलेगा। नौ दिन में 2700 किलोमीटर चलने पर चालकों-परिचालकों को 3150 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। चालकों-परिचालकों और टेक्निकल स्टाफ की छुट्टी निरस्त कर दी गई है।
होली त्योहार पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिजनौर डिपो ने छह से 15 मार्च तक 20 प्रतिशत ट्रिप बढ़ाने का निर्णय लिया है। बिजनौर बस स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। होली पर यात्रियों को आवागमन में कठिनाई न हो इसी को ध्यान में रखते हुए बिजनौर डिपो छह से 15 मार्च तक दिल्ली-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर आठों नई बसों का संचालन करेगा। इसके अलावा अन्य रूट पर बसों के 20 प्रतिशत चक्कर बढ़ाए जाएंगे।
परिवहन निगम के बिजनौर स्टेशन पर कुल 113 बसें हैं, इनमें 82 निगम की तथा 31 अनुबंधित हैं। यात्रियों की संख्या के हिसाब से हर रूट पर अलग-अलग चार्ट बनाया गया है। छह मार्च से हर रूट पर बसों के चक्कर डबल कर दिए जाएंगे। दिल्ली-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी आठ नई बसें चलाई जाएंगी। बस स्टेशन इंचार्ज सुनील कुमार के अनुसार इस अवधि में चालकों-परिचालकों और वर्कशॉप कर्मचारियों के इंसेंटिव स्कीम का फायदा दिया जाएगा। इस दौरान चालकों-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि होली के त्योहार पर यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।