गन्ना भुगतान नहीं तो बिजली बिल नहीं
नजीबाबाद। भाकियू लोक शक्ति ने गन्ना भुगतान सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को पंचायत में उठाया। किसानों ने कहा कि गन्ने का भुगतान नहीं किया तो बिजली के बिल का भी भुगतान नहीं किया जाएगा।
भाकियू लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह सहरावत की अध्यक्षता में तहसील परिसर में मासिक पंचायत हुई। चौ.वीर सिंह ने कहा कि सरकार और चीनी मिलें आपस में मिली हुई हैं। किसान एक-एक पैसे के लिए तरस रहा है और चीनी मिलें किसानों के पैसों को दबाए बैठीं हैं। किसानों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक किसान भी बिजली के बिल जमा नहीं करेंगे।
किसानों ने तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को दस सूत्री मांगों को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गन्ना भुगतान, पर्याप्त गन्ना पर्ची उपलब्ध कराने, घटतौली रोकने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट का लागू कराने, 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, कर्जा माफ कराने, 60 वर्ष आयु के किसान-मजदूरों को दस हजार रुपये मासिक पेंशन दिलाने, नांगल-चंदक नहर पटरी मार्ग को पक्का कराने, जानवरों से फसलों की सुरक्षा कराने की मांग की। पंचायत में विजय सिंह, पद्म सिंह, नागेंद्र सिंह, हितेश कुमार, कमल सिंह, अमरीश कुमार, कामेंद्र सिंह, अर्पण कुमार, विपिन, भूपेंद्र सिंह, अजयपाल सिंह, विकास, खिलेंद्र सिंह, कुलवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, जगन सिंह, कार्तिक, राजेश, रणजीत सिंह, सत्यवीर सिंह, योगेंद्र सिंह, गजराज सिंह, मो.शहजाद, पप्पू सिंह, अशोक कुमार, मेघनाथ सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे।