बिजनौर। यूपीटेट को लेकर परिवहन निगम ने प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया। मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मुरादाबाद रूट पर अतिरिक्त बस लगाई गई ताकि, अभ्यर्थी समय से अपनी मंजिल तक पहुंच सकें। बसों के फेरों में भी बढ़ोतरी की गई है।
मुजफ्फरनगर रूट पर पांच, अमरोहा रूट पर तीन तथा मुरादाबाद रूट पर दो अतिरिक्त रोडवेज बसें संचालित की गई हैं। इसके अलावा मुजफ्फरनगर रूट पर बसों के 16 अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए गए हैं, जिससे परीक्षार्थियों के साथ अन्य यात्रियों को भी राहत मिलेगी। बस स्टेशन इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि यूपीटेट के मद्देनजर बसों का संचालन सुबह पांच बजे से ही शुरू कर दिया गया था। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कार्मिकों की ड्यूटी भी लगाई।
यूपीटेट दो, तीन और चार जुलाई को होना प्रस्तावित है। ऐसे में बिजनौर के अभ्यर्थी आसपास के जिलों में परीक्षा देने जाएंगे। इसी के चलते परिवहन निगम ने अपनी तैयारी की। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थियों की वापसी के लिए भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। सभी प्रमुख रूटों पर बसों की पर्याप्त परिवहन व्यवस्था की गई है।