छात्रों को आग पर काबू पाने का प्रशिक्षण दिया
बिजनौर। डीडीपीएस स्कूल में इवेक्यूवेशन ड्रिल कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को आग से बचाव के उपाय बताए।
मंगलवार को इवेक्यूवेशन ड्रिल कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय के नेतृत्व में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अभय राय राणा ने टीम के साथ छात्रों और शिक्षकों को आग पर काबू पाने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने पर या किसी भी आपात स्थिति में होपलैस नहीं होना चाहिए। हिम्मत से काम लेते हुए मुसीबत का सामना करना चाहिए और मुसीबत में फंसे अन्य लोगों की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि घरेलू गैस सिलिंडर में आग लग जाए तो उसे जमीन पर लेटाना नहीं चाहिए बल्कि उसे खड़ा करके रखे ताकि गैस का दबाव नोजल की ओर बढ़ने ना पाए। किसी मोटे कपड़े को गीला करके सिलिंडर की आग पर काबू पाने की कोशिश करनी चाहिए।
बताया कि शार्ट सर्किट, डीजल तथा पेट्रोल से लगने वाली आग को बुझाने के लिए रेत और बालू का प्रयोग करें। यदि किसी व्यक्ति के कपड़ों में आग लग जाए तो उसे भागने से रोकें और जमीन पर लेटा दे। उसके बाद कंबल या किसी मोटे कपड़े को उसके ऊपर डालकर आग बुझाने की कोशिश करें। अग्निशमन टीम ने डेमो देकर बताया कि आग लगने पर उस पर कैसे काबू पाया जाए और आग की चपेट में आए लोगों को प्राथमिक उपचार कैसे दिया जाए। प्रधानाचार्या नीरजा सिंह ने अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गोपाल त्यागी, उमेश गौतम, सौरभ राजवंशी, अंजुम, मीनाक्षी, निखिल आदि शिक्षकों का योगदान रहा।