हनुमान मंदिर और बस यार्ड के निकट दिखा बाघ, दहशत
कालागढ़/(बिजनौर)। कालागढ़ में रामगंगा बांध को जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर एवं बस यार्ड पर बाघ के नजर आने से बांध कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
कालागढ़ में दिन ढलते समय और सुबह बाघ के दिखाई देना आम हो चला है। सुरक्षा बैरियर पर तैनात कर्मचारी इस्माइल अपनी ड्यूटी दे रहा था। इसी दौरान एक बाघ मुख्य मार्ग पर आकर गुर्राने लगा। इस्माइल ने किसी तरह से बैरियर संख्या छह पर बनी कोठरी मे जाकर अपनी जान बचाई। बाघ वहां से हनुमान मंदिर की ओर चला गया। वहीं दूसरी घटना में सुरक्षा बैरियर एक से आगे बस यार्ड के निकट एक बाघ मुख्य मार्ग पर आ गया। कर्मचारी गुलफाम का कहना है कि बाघ को देखकर दहशत हो गई। अक्सर बाघ अफजलगढ़ बैराज की ओर भी आ जाता है।
कराई जाएगी गश्त
कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकारी आरके भट्ट का कहना है कि रामगंगा बांध प्रशासन की ओर से इस बारे में अभी तक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल दोनों ही स्थानों पर गश्ती दलों को सतर्क कर दिया गया है। बाघ से दूरी बनाए रखी जाए। जिससे कोई अप्रिय घटना न हो सके। उधर कालागढ़ थानाध्यक्ष रियाज अहमद का कहना है कि यहां पर अक्सर बाघ आ जाता है। उससे बचाव जरूरी है।