बिजनौर के स्योहारा में ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के एक महीने पहले ही उसकी मां की मौत हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बिजनौर जनपद के स्योहारा में बुधवार देर रात मुरादाबाद मार्ग पर गांव श्यामाबाद के पास ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार गांव सदाफल निवासी इसराइल (24) पुत्र इरशाद की मौत हो गई। वहीं, कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
हादसे में इकलौते बेटे की मौत
हादसे में इसराइल की मौत हो गई। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार, करीब एक माह पहले ही इसराइल की मां का निधन हुआ था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में समीर (16) पुत्र शमीम, अतीक (24) पुत्र सफीक, शहनूर (22) पुत्र अनवार हुसैन और आदिल (20) पुत्र युसूफ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता इरशाद की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।