बिजनौर। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों का सिलसिला शुरू हो गया है। शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शनिवार की दोपहर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को लागू कर दिया गया। भारी वाहनों की एंट्री कांवड़ मार्ग पर बंद कर दी गई है। पड़ोसी जनपदों की पुलिस से तालमेल बनाकर बैरियर लगाते हुए वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है।
पांच फरवरी को ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने की योजना थी, मगर शिवभक्तों की संख्या बेहद कम होने के कारण इसे दो दिनों तक टाला गया। यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि शनिवार को दो बजे से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
जरुरी वस्तुओं के वाहनों को ही जिले में मिलेगी एंट्री : ट्रक, डंपर, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी भारी मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। केवल खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस और मेडिकल से जुड़े आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को ही जिले में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इन वाहनों का आवागमन भी रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक थाना मोबाइल की एस्कॉर्ट व्यवस्था में कराया जाएगा।
मुजफ्फरनगर के रास्ते हरिद्वार जाएंगे वाहन : बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले हल्के और भारी वाहन गंगा बैराज होते हुए मुजफ्फरनगर मार्ग से भेजे जाएंगे। जबकि कांवड़ियों के वाहनों को मंडावर, नांगल, मंडावली और भागूवाला होते हुए हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा। बिजनौर से मंडावर-बालावाली-लक्सर मार्ग पर भारी और मध्यम वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
फोरलेन हाईवे से जाएंगे पौड़ी जाने वाले वाहन : कोटद्वार और पौड़ी की तरफ जाने वाले वाहन बिजनौर से फोरलेन हाईवे से होते हुए नजीबाबाद और नजीबाबाद बाईपास के जरिए कोटद्वार की तरफ जाएंगे। हरिद्वार को कोटद्वार जाने वाले हल्के वाहन समीपुर नहर पटरी से निकाले जाएंगे। जबकि हरिद्वार से कोटद्वार जाने वाले भारी वाहन मुजफ्फरनगर के रास्ते बिजनौर आएंगे और किरतपुर नजीबाबाद होते हुए कोटद्वार की तरफ जाएंगे।