मुख्य बाजार में लगा जाम लोगों हुए परेशान
धामपुर। भीषण गर्मी के चलते नगर के मुख्य बाजार में लगने वाला जाम लोगों के लिए मुसीबत बना है। जाम के कारण लोगों का बाजार में पैदल आवाजाही करना दूभर हो गया है। कई बार पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कुछ नहीं हो रहा है। कोरोना काल में सरकार की गाइडलाइन का जमकर उल्लंघन हो रहा है। जाम का सबसे बड़ा कारण ई रिक्शाएं है। सवारी न होने के बाद भी यह खाली ही दौड़ते रहते हैं।
लॉकडाउन खुलने के बाद सोमवार व मंगलवार को नगर के मुख्य बाजार में भीड़ का यह आलम रहा कि बाजार में निकलने के लिए पैर रखने की जगह नहीं थी। लोग आपस में एक-दूसरे से भिड़कर निकल रहे थे। आरोप है कि बाजार में खारीकुआं से लेकर भगत सिंह चौक, फल चौक व मुख्य बाजार में ई-रिक्शा, दो पहिया वाहन चालकों की लापरवाही पैदल चलने वालों के लिए परेशानी का सबब बनी है। इतना ही नहीं लोग पैदल चलकर बाजार में सामान की खरीदारी करने को खासे परेशान दिखाई दिए। लोगों ने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर, एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि लोगों को कोरोना बीमारी से बचाव के लिए काफी अभियान चलाकर जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग लापरवाही करते हैं तो अभियान चला कर कार्रवाई कराई जाएगी।