ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर दो बच्चों की मौत
बिजनौर। घर से टहलने के लिए निकले तीन बालकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।
मोहल्ला खत्रियान के रहने वाले मोहम्मद रय्यान (12) पुत्र मोहम्मद असलम, मोहम्मद जैद (12) पुत्र आरिफ और जुनैद (11) पुत्र सलीम नमाज पढ़ने के बाद टहलने के लिए निकल गए। इन तीनों के पास साइकिल थी, लेकिन पैदल चल रहे थे। गंज रोड पर रोडवेज वर्कशॉप के निकट चांदपुर की चुंगी की ओर से आ रही खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तीनों को टक्कर मार दी। जिसमें रय्यान और जैद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जुनैद गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसे के तुरंत बाद मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिन्होंने काफी देर तक हंगामा किया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम मौके पर पहुंचे। जिन्होंने लोगों को किसी तरह शांत किया। दोनों किशोरों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। वहीं, घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों किशोर कुरान हिफ्ज कर रहे थे। जोकि मोहल्ले के ही एक मदरसे में पढ़ रहे थे।