कृषि कानून के विरोध में निकाला ट्रैक्टर मार्च
मंडावर। भाकियू के बैनर तले किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकाला। वक्ताओं ने कहा कि किसानों के आंदोलन में सभी को एकजुट होना होगा, तभी इन कानूनों को वापस कराया जा सकता है।
किसान ट्रैक्टरों के साथ चंदक में भारी संख्या में एकत्र हुए। भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि किसानों पर सरकार ने तीनों कानून जबरन थोप दिए हैं। किसान बार-बार सरकार से कह रहे हैं कि इन कानूनों से उन्हें नुकसान होगा, लेकिन किसानों की बात एकदम अनसुनी की जा रही है। किसानों की बजाय पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए ये कानून बनाए गए हैं। इसके बाद ट्रैक्टर मार्च शुरू किया गया। किसान नारेबाजी करते हुए गांव रंजीवाला, खिरनी, गोपालपुर, तिमरपुर, बाखरपुर आदि से होकर निकले। सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली सीमा पर चल रहे आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया। ट्रैक्टर मार्च चंदक जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान 200 से अधिक ट्रैक्टर व भारी संख्या में किसान मौजूद रहे। पुलिस बल भी मौजूद रहा। इस दौरान किसान अंकित कुमार, विजय सिंह, विश्वजीत सिंह, गुलशन कुमार, नवदीप, जितेंद्र सिंह, अनमोल आदि मौजूद रहे।