कृषि कानूनों का विरोध, जलाईं प्रतियां
बिजनौर/मंडावर। भाकियू भानू की बैठक में किसानों के आंदोलन को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। 26 को दिल्ली जाने की बात कही। इस दौरान प्रदर्शन भी किया।
गन्ना समिति परिसर में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष कुलबीर सिंह ने कहा किसानों को एमएसपी पर फसल खरीद की गारंटी मिलनी चाहिए। लेकिन सरकार इसका कानून बनाने की बजाए कृषि कानूनों के जबरन किसानों पर थोप रही है। इस दौरान नरेश प्रधान, विनीत कुमार, सुमित कुमार, सोहन कुमार, चंद्रपाल सिंह, पीताम्बर सिंह, लवी कुमार आदि मौजूद रहे। उधर मंडावर में भाकियू लोकशक्ति की बैठक में कृषि कानूनों की प्रतियां जलाईं और वापस लेने की मांग की। गांव नारायणपुर में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष वीर सिंह ने कहा किसान 50 दिन से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार किसान विरोधी रवैया अपना रही है। थाना प्रभारी को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अंबरीष चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, जिलाध्यक्ष संगठन मंत्री नौबहार सिंह, ब्लाक अध्यक्ष कामेंदर सिंह, बिजनौर तहसील अध्यक्ष इस्तकार अहमद आदि मौजूद रहे।