हावड़ा-जम्मूतवी रेल लाइन पर गेंडाजूड़ के पास स्थित फाटक के नजदीक शनिवार रात करीब 11:30 बजे कुमारी रेनू देवी (26) पुत्री चंद्रपाल सिंह की मौत हो गई। वह गेंडाजूड़ की ही रहने वाली थी। हादसा इतना भीषण था कि शव का गले से ऊपर का हिस्सा बुरी तरह कटकर अलग हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले मोबाइल को शव के अंगूठे से अनलॉक कर पहचान का सुराग ढूंढ निकाला।
थाना स्योहारा पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग गेंडाजूड़ से आगे किलोमीटर संख्या 1439/7 अप लाइन पर एनएमजी मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मौके पर पहुंचे। शव का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया था।
घटनास्थल के पास एक मोबाइल फोन पड़ा मिला। मोबाइल चालू हालत में था, लेकिन स्क्रीन लॉक लगा हुआ था। पुलिस ने शव के हाथ का अंगूठा साफ कर मोबाइल के फिंगरप्रिंट सेंसर पर लगाया। इस पर मोबाइल अनलॉक हो गया। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली और एक नंबर पर संपर्क किया। फोन मृतका के परिजनों ने उठाया, जिसके बाद घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों के मौके पर पहुंचने पर रेनू देवी की पहचान की। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई थी। घर से रेलवे लाइन की दूरी 100 मीटर से भी कम है, ऐसे में वह कब घर से निकलकर ट्रैक तक पहुंच गई, किसी को पता नहीं चल सका। रेनू देवी तीन बहनों और दो भाइयों में से एक थीं। बड़े भाई और एक बहन का विवाह हो चुका है। घटना के समय घर में मां, बड़ी बहन और छोटा भाई मौजूद थे, जबकि पिता बाहर गए हुए थे। सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।